बिलासपुर- नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 3 साई नगर में सोमवार को सड़क निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया। लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे वार्डवासियों के लिए यह खुशी का अवसर रहा। पार्षद किरण राजेंद्र टंडन के प्रयासों से इस कार्य को स्वीकृति मिली, जिसके बाद विधायक धर्मजीत सिंह की मौजूदगी में विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ।कार्यक्रम के दौरान विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि वार्ड की आवश्यकताओं और नागरिकों की समस्या को ध्यान में रखते हुए शासन द्वारा निर्माण कार्य हेतु राशि स्वीकृत की गई है।उन्होंने कहा कि सड़क बन जाने से आवागमन आसान होगा और क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी।पार्षद किरण राजेंद्र टंडन ने बताया कि वार्ड के निवासियों की इस महत्वपूर्ण मांग को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए गए।उन्होंने कहा कि विधायक और शासन के सहयोग से सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई है।वहीं पार्षद पति राजेंद्र टंडन ने कहा कि बरसों से वार्ड में सड़क निर्माण की मांग थी और अब यह पूरी होने जा रही है, जिससे नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। भूमि पूजन के दौरान बड़ी संख्या में वार्डवासी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।