
इस्लामाबाद/दोहा। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच लंबे समय से जारी तनाव को कम करने के प्रयास के तहत अब दोनों देशों के बीच शांति वार्ता कतर में होने जा रही है। पाकिस्तान के राज्य संचालित टेलीविजन चैनल PTV ने शनिवार को इसकी आधिकारिक पुष्टि की है।रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान का एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल दोहा पहुंच चुका है, जहां वह अफगान तालिबान सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत करेगा। इस वार्ता में सीमा सुरक्षा, आतंकवाद विरोधी सहयोग और व्यापारिक संबंधों को लेकर चर्चा होने की संभावना है।सूत्रों ने बताया कि बैठक का आयोजन कतर सरकार की मध्यस्थता में किया जा रहा है। यह पहल ऐसे समय में हो रही है जब दोनों देशों के बीच पिछले कुछ महीनों में सीमा पर कई झड़पें हुई हैं। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के आतंकियों को शरण देने का आरोप लगाया है, जबकि काबुल ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पाकिस्तान अपनी सुरक्षा नीतियों की विफलता का ठीकरा अफगानिस्तान पर फोड़ रहा है।कतर में होने वाली यह बातचीत क्षेत्रीय स्थिरता के लिए अहम मानी जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि यह वार्ता सफल रहती है, तो इससे दक्षिण एशिया में शांति बहाल करने की दिशा में बड़ा कदम साबित हो सकता है।