खैरागढ़— जिला केसीजी पुलिस ने गातापार थाना क्षेत्र में पशु क्रूरता के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 भैंसा को अमानवीय स्थिति में ले जा रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने थाना गातापार के सामने नाकाबंदी कर टाटा एस वाहन (CG 22 AH 1996) को रोका, जिसमें भैंसा को बिना चारा-पानी के भूखे-प्यासे और रस्सियों से कसकर बांधा गया था। वाहन चालक ओमप्रकाश साहू (21 वर्ष), निवासी दशरमा, थाना बलौदा बाजार, परिवहन के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने मौके पर दोनों भैंसा एवं वाहन जिसकी कीमत लगभग ₹7.50 लाख आंकी गई है, को जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसके विरुद्ध अपराध क्र. 77/25, धारा 4, 6, 10, 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। पुलिस ने कहा कि पशु क्रूरता के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।