दंतेवाड़ा। सगढ़ अतिथि शिक्षक कल्याण संघ ने आज जिला कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर 166 वंचित अतिथि शिक्षकों को पुनः सेवा में लेने की मांग को जोरदार तरीके से उठाया। ज्ञापन सौंपते हुए शिक्षकों ने बताया कि शिक्षा समर्थन योजना (DMF मद) के तहत पिछले 10 वर्षों से सेवा दे रहे 271 स्थानीय अतिथि शिक्षकों में से केवल 105 को ही इस वर्ष सेवा में लिया गया, जबकि 166 शिक्षक बाहर कर दिए गए हैं।
शिक्षकों ने कहा कि उन्हें बिना किसी स्पष्ट कारण सेवा से बाहर कर दिया गया है, जिससे वे आर्थिक, मानसिक और पारिवारिक संकट से गुजर रहे हैं।
कलेक्टर कार्यालय का घेराव — उग्र आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि यदि उनकी मांगों पर तुरंत कार्रवाई नहीं होती, तो वे आंदोलन को और उग्र करेंगे। संघ ने चेतावनी दी—
“हमारी मांगें पूरी नहीं हुईं तो हम अनिश्चितकाल तक कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर वहीं बैठे रहेंगे।” सेवा से वंचित 166 अतिथि शिक्षकों को पुनः सेवा में लिया जाए।
जब तक पूर्व में कार्यरत सभी शिक्षकों को सेवा में नहीं लिया जाता, तब तक नए प्रस्ताव से भर्ती रोक दी जाए। नए प्रस्ताव से की गई भर्ती को तत्काल निरस्त किया जाए।
अतिथि शिक्षकों ने कहा कि यह उनका अंतिम चेतावनी वाला आंदोलन है और प्रशासन को जल्द निर्णय लेना होगा, अन्यथा वे चरणबद्ध और कड़ा आंदोलन शुरू करेंगे।