खैरागढ़— ग्राम कटंगीकला स्थित एफसीआई गोदाम में दो माह से आवक-जावक का कार्य बंद होने से लगभग 75 हमाल परिवारों के सामने भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है। शुक्रवार को हमाल संघ के सदस्य कलेक्टर से मिलकर गोदाम संचालन तुरंत शुरू कराने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
हमाल वासु पटेल ने बताया कि पहले वे नागपुर और हैदराबाद जैसे शहरों में मजदूरी करते थे, लेकिन परिवार के बीच रहकर रोजगार पाने की उम्मीद में गांव लौट आए। कुछ समय तक काम नियमित था, लेकिन दीपावली से पूर्व गोदाम बंद कर दिया गया। “अब तक माल नहीं उठाया गया, रोजगार शुरू होने की कोई उम्मीद नहीं है। बच्चों की पढ़ाई, दवाइयां और रोज़मर्रा का खर्च मुश्किल हो गया है।”
सरपंच प्रतिनिधि तुलाराम साहू ने कहा कि अन्य एफसीआई गोदामों की तरह कटंगीकला में भी कार्य नियमित होना चाहिए। हमाल संघ ने प्रशासन से त्वरित समाधान की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि स्थिति नहीं सुधरी, तो आंदोलन पर उतरने को मजबूर होंगे।