
श्रीनगर।जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अनुरोध किया है कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा वापस देने का अपना वादा जल्द पूरा करे। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद केंद्र ने जनता से आश्वासन दिया था कि राज्य का दर्जा बहाल किया जाएगा, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।उमर अब्दुल्ला ने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने संसद में कहा था कि जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा वापस दिया जाएगा। अब वक्त आ गया है कि उस वादे को निभाया जाए। यहां के लोग अपने अधिकार और पहचान की बहाली की प्रतीक्षा कर रहे हैं।”नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता ने कहा कि राज्य का दर्जा बहाल होना लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में सबसे अहम कदम है। “जब तक हमारी विधानसभा को पूर्ण अधिकार नहीं मिलेंगे, जनता की असली आवाज़ दिल्ली तक नहीं पहुंच पाएगी,उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर को केंद्र शासित प्रदेश बनाकर राजनीतिक प्रतिनिधित्व को कमजोर कर रही है। “हम विकास, शांति और स्थिरता चाहते हैं, लेकिन इसके लिए राजनीतिक अधिकारों की बहाली आवश्यक है,” उमर अब्दुल्ला ने कहा।गौरतलब है कि 5 अगस्त 2019 को केंद्र सरकार ने अनुच्छेद 370 हटाकर जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म कर दिया था और राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों — जम्मू-कश्मीर और लद्दाख — में विभाजित कर दिया था। तब से ही विभिन्न दल राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग कर रहे हैं।