
जिले में 15 नवंबर से धान खरीदी की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन खरीदी व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने की शिकायत सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर शाखा प्रबंधकों ने चार कर्मचारियों के खिलाफ एस्मा (Essential Services Maintenance Act) के प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज करवाई है।मिल रही जानकारी के अनुसार, कौशल वर्मा, बृजमोहन देवांगन, राम कुमार वर्मा और पोषण लाल धुरंधर पर कार्य में बाधा डालने और खरीदी प्रक्रिया को प्रभावित करने के आरोप लगाए गए हैं। इन चारों के खिलाफ खरोरा,

धरसीवां और नेवरा थाना क्षेत्रों में अलग-अलग प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी एक संवेदनशील और आवश्यक सेवा है, जिसके सुचारू संचालन के लिए कर्मचारियों की पूर्ण भागीदारी आवश्यक है। कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि किसी भी तरह की लापरवाही, बाधा या प्रक्रिया में हस्तक्षेप को गंभीरता से लिया जाएगा और आवश्यकतानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।ज़िले में धान खरीदी केन्द्रों पर किसानों की भीड़ लगातार बढ़ रही है, ऐसे में प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय है कि खरीदी कार्य बिना किसी व्यवधान के समय पर और पारदर्शी तरीके से जारी रहे।