
छतरपुर। जिले में बुधवार को हिंदू सुरक्षा मंच ने धर्मांतरण के विरोध में बड़ी रैली निकाली। संगठन ने ईसाई समुदाय की उस याचिका को खारिज करने की मांग की, जिसमें धर्मांतरण से जुड़े मामलों को लेकर अदालत में सुनवाई चल रही है।रैली की शुरुआत गल्ला मंडी से हुई और यह चौक बाजार तक निकाली गई। इस दौरान मंच के सदस्यों ने नारेबाजी करते हुए धार्मिक परिवर्तन पर रोक लगाने की मांग उठाई। रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, संत और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।हिंदू सुरक्षा मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि जिले में धर्मांतरण की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की जाए और अदालत में लंबित याचिकाओं को खारिज किया जाए।पूरी रैली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन ने कहा कि कार्यक्रम शांति से संपन्न हुआ और हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं।