

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें अपनी पुस्तक ‘परिक्रमा-कृपा सार’ भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने भारत की 108 पवित्र नदियों के उद्गम स्थलों से एकत्र किया गया पवित्र जल भी प्रधानमंत्री को सौंपा।इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने प्रह्लाद पटेल के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल भारत की संस्कृति, आध्यात्मिकता और प्रकृति के गहरे संबंध को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक और जल अर्पण भारतीय सभ्यता के प्रति सम्मान का प्रतीक है।प्रह्लाद पटेल ने बताया कि ‘परिक्रमा-कृपा सार’ पुस्तक में भारत की तीर्थ परंपरा, नदियों की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, सांस्कृतिक महत्व और आध्यात्मिक अनुभवों का वर्णन किया गया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत 108 नदियों के उद्गम स्थलों से जल संग्रह किया गया, ताकि लोगों को नदी संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता से जोड़ा जा सके।पटेल ने कहा कि यह प्रयास केवल एक धार्मिक परिक्रमा नहीं, बल्कि भारत की प्राकृतिक धरोहर और संस्कृति के संरक्षण का संदेश है। उन्होंने बताया कि आगे इस अभियान को जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा ताकि समाज में जल और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित हो।