राजनांदगांव: राजनांदगांव के स्टेट स्कूल मैदान में आयोजित स्वदेशी मेले को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बताया जा रहा है कि इस बार मेले में लगभग 100 से अधिक स्टाल लगाए गए हैं, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। पहली बार स्वदेशी मेले के माध्यम से निःशुल्क डेंटल चेकअप और हेल्थ चेकअप शिविर का आयोजन किया गया है, जिसमें कोई भी व्यक्ति आकर अपने स्वास्थ्य की जांच करवा सकता है। स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए किया गया यह प्रयास लोगों द्वारा काफी सराहा जा रहा है।
मेले में कई दुकानदार बाहर से आए हैं, जो लोगों की पसंद को ध्यान में रखते हुए नया-नया स्वदेशी सामान लेकर पहुंचे हैं। यह स्वदेशी मेला 28 जनवरी तक स्टेट स्कूल मैदान में आयोजित रहेगा। मेले के दौरान प्रतिदिन विभिन्न सांस्कृतिक और रचनात्मक कार्यक्रम हो रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।