खरोरा हिरमी: अल्ट्राटेक हिरमी सीमेंट संयंत्र के ग्रामीण विकास विभाग द्वारा निकटवर्ती ग्राम की बालिकाओं के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण तथा किशोरावस्था से जुड़ी आवश्यक जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाना था।
कार्यक्रम में संयंत्र के चिकित्सा विभाग की डॉ. रुचिका सुखवाल ने उपस्थित बालिकाओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, एनीमिया से बचाव एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उन्होंने किशोरावस्था के दौरान होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलावों पर भी मार्गदर्शन प्रदान किया और बालिकाओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
इसके अतिरिक्त, डॉ. सुखवाल ने बालिकाओं को शिक्षा के महत्व, विभिन्न करियर विकल्पों तथा लक्ष्य निर्धारण के बारे में भी प्रेरणादायक मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम के अंत में बालिकाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और बेहतर भविष्य निर्माण हेतु निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया गया।