खैरागढ़— श्रीराम भक्त महराज गुहा निषाद की जयंती नगर के श्रीराम मंदिर, दाऊचौरा में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विभा देवव्रत सिंह रहीं, जबकि अध्यक्षता निषाद समाज केसीजी के जिला अध्यक्ष फत्तेराम निषाद ने की। आयोजन की शुरुआत भगवान श्रीराम एवं माता सीता की विधिवत पूजा-अर्चना से हुई।
इस अवसर पर समाज द्वारा जय श्रीराम के जयघोष के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो नगर भ्रमण करते हुए कार्यक्रम स्थल पर संपन्न हुई। शोभायात्रा में भक्ति गीतों पर समाजजन झूमते नजर आए, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया।
जयंती समारोह को संबोधित करते हुए विभा देवव्रत सिंह ने निषाद समाज के योगदान को रेखांकित किया और शासन-प्रशासन द्वारा निषाद समाज भवन का निर्माण नहीं होने पर स्वयं के व्यय से भवन निर्माण कराने की घोषणा की। इस घोषणा से समाज में उत्साह का माहौल बना। कार्यक्रम में गैंदलाल निषाद, शारदा निषाद, सीता निषाद, शत्रुहन निषाद, तामेश्वर निषाद, संतोषी निषाद, मनोहर निषाद, रमेश निषाद एवं संतोष निषाद सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
