ऑनलाइन टोकन एवं त्वरित भुगतान से सरल हुई धान विक्रय प्रक्रिया
रायपुर, 13 जनवरी 2026। छत्तीसगढ़ शासन की धान खरीदी नीति ने किसानों के जीवन में उल्लेखनीय सकारात्मक परिवर्तन लाया है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, समयबद्ध भुगतान एवं पारदर्शी व्यवस्था के कारण किसान आर्थिक रूप से सशक्त हो रहे हैं। जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी की प्रक्रिया सुचारु रूप से जारी है, जिसे किसान उत्सव के रूप में मना रहे हैं।
आरंग विकासखंड के ग्राम चटौद के किसान श्री विश्व दीपक बघेल ने बताया कि उन्होंने अपनी 15.5 एकड़ भूमि से 305 क्विंटल धान का विक्रय धान उपार्जन केंद्र पचेड़ा में किया, जिसकी राशि दो दिनों के भीतर सीधे उनके बैंक खाते में जमा हो गई। उन्होंने बताया कि उन्होंने ऑनलाइन टोकन के माध्यम से धान विक्रय किया। धान खरीदी केंद्र में पेयजल एवं बारदाने की समुचित व्यवस्था की गई थी तथा मॉइश्चर मशीन के माध्यम से धान की गुणवत्ता की जांच कर खरीदी की गई।
श्री बघेल ने बताया कि समय पर भुगतान प्राप्त होने से उन्होंने अपने बच्चों की स्कूल फीस का भुगतान किया, घर का बाउंड्रीवॉल बनवाया तथा शेष राशि का उपयोग कृषि कार्यों में करेंगे। उन्होंने किसान हितैषी सरकार के मुखिया मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा धान उपार्जन केंद्रों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे सुगमता एवं संतोष के साथ अपने धान का विक्रय कर सकें।