जांजगीर–चांपा। 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जांजगीर–चांपा पुलिस द्वारा जिले भर में लगातार यातायात जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में भांठापारा, शिवरीनारायण क्षेत्र के रहौद एवं चांपा क्षेत्र के भोजपुर बाजार में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में आम नागरिकों एवं वाहन चालकों ने सहभागिता की।
यह सड़क सुरक्षा माह 01 जनवरी 2026 से पुलिस अधीक्षक जांजगीर–चांपा श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उदयन बेहार के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा नागरिकों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करना है।
यातायात पुलिस द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों में अब तक लगभग 2500 से अधिक लोगों को जागरूक किया जा चुका है। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे की हालत में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा यातायात संकेतों एवं नियमों का पालन करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस द्वारा जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए, पोस्टर प्रदर्शनी लगाई गई तथा संवाद के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को समझाइश देकर नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
जांजगीर–चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवारजनों एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और जिले में सुरक्षित व सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में इसी प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम निरंतर जारी रहेंगे।
