चांपा। शराब पीने के लिए पैसे की मांग को लेकर हुए विवाद में धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी जब्त किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मंगलूराम यादव, निवासी ग्राम बहेराडीह, ने दिनांक 29 दिसंबर 2025 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह शाम करीब 4:30 बजे घर से तेली तालाब की ओर दिशा मैदान के लिए गया था। वापस लौटते समय उसकी मुलाकात पड़ोसी ओम प्रकाश यादव से हुई, जो अपनी गाय की तलाश में निकला था। इसी दौरान आरोपी ने प्रार्थी से शराब पीने के लिए कहा। मना करने पर आरोपी ने धमकाते हुए शराब पीने या उसके लिए पैसे देने की मांग की।
प्रार्थी के इंकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अपने पास रखे चाकू से प्रार्थी के गले पर हत्या की नीयत से प्राणघातक हमला कर दिया। गले में गंभीर चोट लगने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चांपा में तत्काल हत्या के प्रयास का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना की सूचना जिले के पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय (भापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कश्यप तथा एसडीओपी चांपा श्री यदुमणी सिदार को दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देशों के पालन में थाना चांपा से एक विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी ओम प्रकाश यादव पिता रामचरण यादव, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम बहेराडीह स्कूलपारा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चाकू से प्रार्थी पर जानलेवा हमला करना स्वीकार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि इस गंभीर अपराध में आरोपी के विरुद्ध कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता (थाना प्रभारी, चांपा), सहायक उप निरीक्षक अरुण सिंह, तथा आरक्षक शंकर राजपूत, आकाश कलोसिया, भूपेंद्र गोस्वामी और गौरी शंकर रॉय का विशेष योगदान रहा।
चांपा पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता का संदेश गया है।