सुकमा :- ज़िला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर केरलापाल से पोगाभेजी मार्ग के बीच स्थित रेवड़ी नाला पर पुलिया निर्माण कार्य पिछले लगभग एक साल से अधूरा पड़ा हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने के बाद इस पुलिया का भूमि पूजन तो किया गया, लेकिन आज तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है,हालात यह हैं कि केवल पुलिया के दोनों ओर पिलर खड़े कर दिए गए हैं और उसके बाद काम पूरी तरह बंद कर दिया गया। पुलिया नहीं होने के कारण ग्रामीणों को रोज़ाना रेवड़ी नाला पार करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है,ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। सवाल यह है कि आखिर कब तक ग्रामीण अधूरे विकास कार्यों का खामियाजा भुगतते रहेंगे।