रायपुर। अभनपुर के ग्राम सोनपैरी के असंग देव कबीर आश्रम में कल 31 दिसंबर को विशाल हिंदू सम्मेलन व युवा संवाद का आयोजन किया गया है। जिसमें राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ के सरसंघचालक डा.मोहन भागवत मुख्य वक्ता होंगे। राष्ट्रीय संत श्री असंग देव मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित रहेंगे। दोपहर 2 बजे से आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में करीब 40 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए विशाल डोम का निर्माण किया गया है। मुख्य स्टेज में संतों व धर्म गुरुओं के बैठने की व्यवस्था की गई है। आयोजन में सर्व समाज के अलावा संत और धर्म गुरु शामिल होंगे। ओडि़सा के कलाकारों ने बहुत ही खुबसूरत सैंड आर्ट बनाया है जिसमें भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी का चेहरा उकेरा गया हैं। वहीं पहली जनवरी को श्रीराम मंदिर में आयोजित सामाजिक सद्भावना बैठक में भी वे शामिल रहेंगे। कार्यक्रम में सनातन संस्कृति,सामाजिक समरसता व राष्ट्रीय चेतना से जुड़े विषयों पर विचार विमर्श किया जायेगा। शाम को उनकी वापसी का कार्यक्रम तय है।