राजनांदगांव के युवा नेता हर्ष खोबरागड़े को अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल का प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया है। उन्हें यह नियुक्ति पत्र राजीव भवन, रायपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया गया।
यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उन्हें कांग्रेस के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सौंपी गई। नियुक्ति के पश्चात हर्ष खोबरागड़े ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
हर्ष खोबरागड़े ने अपनी नियुक्ति पर संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस सेवादल द्वारा दी गई यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और सेवादल संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
उनकी नियुक्ति पर कांग्रेसजनों, सेवादल कार्यकर्ताओं एवं युवा साथियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

