जशपुर : जिले के कुनकुरी नगर के लिए विकास का नया अध्याय शुरू हो चुका है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बीते दो वर्षो में कुनकुरी नगर में 107 करोड़ 32 लाख रुपए की लागत से ऐतिहासिक विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है, जिससे नगर की तस्वीर पूरी तरह बदलने वाली है।
युवाओं को खेल सुविधाएं देने के लिए 63 करोड़ 84 लाख रुपए की लागत से इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, वहीं नगर पंचायत के 53 विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। स्वास्थ्य के क्षेत्र में 2 करोड़ 62 लाख रुपए की लागत से नेचुरोपैथी भवन, पर्यटन एवं धार्मिक आस्था के लिए 5 करोड़ 17 लाख रुपए से छठ घाट का समग्र विकास किया जाएगा।कला और संस्कृति को बढ़ावा देने हेतु 6 करोड़ 67 लाख रुपए की लागत से आधुनिक ऑडिटोरियम भवन, शिक्षा के लिए 4 करोड़ 37 लाख रुपए से नालंदा परिसर का विस्तार किया जाएगा। नगर के यातायात को सुदृढ़ करने के लिए 7 करोड़ 26 लाख रुपए की लागत से हाई-टेक बस स्टैंड का निर्माण होगा।इसके साथ ही 1 करोड़ 2 लाख रुपए से रिक्रिएशन चिल्ड्रन पार्क और 6 करोड़ रुपए की लागत से वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक एलईडी स्ट्रीट लाइट एवं अन्य विकास कार्य किए जाएंगे।इन सभी योजनाओं से कुनकुरी नगर स्मार्ट सुविधाओं, बेहतर स्वास्थ्य, मजबूत शिक्षा और आधुनिक अधोसंरचना के साथ एक आदर्श नगर के रूप में उभर रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन में हो रहे इस विकास पर नगरवासियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया है।