
बेमेतरा जिले के नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नांदघाट स्थित धान खरीदी केंद्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। इस आगजनी की घटना में 57 गठान बारदाना पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जबकि करीब 28 हजार 500 बारदाने आग की चपेट में आ गए, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।घटना के दौरान मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए पावर पंप और घरेलू अग्निशमन यंत्रों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
आग लगने की सूचना मिलते ही समिति के अधिकारी और संबंधित विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आग लगने के कारणों का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।धान खरीदी केंद्र में लगी इस रहस्यमयी आग ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें जांच के नतीजों पर टिकी हैं, जिससे इस घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।