बिलासपुर – एसईसीएल बिलासपुर ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक अनुकरणीय पहल करते हुए कार्यरत महिलाओं के लिए दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया है। महिलाओं के स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और खेल प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से की गई यह पहल पूरे क्षेत्र में सराहना का विषय बन गई है।
श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्ष शशि दुहन ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि शादी के बाद अधिकांश महिलाएं पारिवारिक जिम्मेदारियों में व्यस्त हो जाती हैं और अपने लिए समय नहीं निकाल पातीं। इसी सोच को समझते हुए एसईसीएल ने महिलाओं को खेलों से जोड़ने का निर्णय लिया, जो वास्तव में प्रशंसनीय कदम है।
इस आयोजन में बैडमिंटन, 100 मीटर रिले, खो-खो सहित कई मनोरंजक खेलों को शामिल किया गया है। प्रतियोगिता को आकर्षक और प्रतिस्पर्धात्मक बनाने के लिए प्रतिभागियों को पर्पल हाउस, रेड हाउस, ग्रीन हाउस और ब्लू हाउस में विभाजित किया गया है। आयोजन में महिलाओं ने उत्साह और जोश के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
एसईसीएल द्वारा किया गया यह प्रयास न केवल महिलाओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत करने वाला है, बल्कि उन्हें आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने के लिए भी प्रेरित करता है। महिलाओं के लिए इस तरह के आयोजन कर एसईसीएल बिलासपुर ने यह साबित कर दिया है कि वह सामाजिक सरोकारों और महिला सशक्तिकरण को लेकर गंभीर और संवेदनशील है।