चांपा। घर में अकेली महिला पर धारदार हथियार से हमला कर मंगलसूत्र और टॉप्स लूटने वाले तीन आरोपियों—जिनमें एक नाबालिक भी शामिल है—को चांपा थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। घटना 10 दिसंबर की शाम हुई, जब पीड़िता घर के कमरे में तैयार हो रही थीं। तभी तीन युवक दरवाजा खोलकर अंदर घुसे, महिला के सिर पर प्राणघातक वार किए और गला दबाकर उनके पहने हुए आभूषण लूटकर फरार हो गए।
पीड़िता के बेटे प्रकाश देवांगन की रिपोर्ट पर मामला दर्ज होते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई। पूछताछ और मुखबिर जानकारी के आधार पर पुलिस ने पहले निखिल पांडेय (24) को पकड़ा, जिसने कड़ी पूछताछ में अपने साथियों अरुण राजपूत (19) और एक नाबालिक के शामिल होने की बात कबूल की। तीनों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लूटा गया मंगलसूत्र और टॉप्स बरामद कर लिए गए।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता, साइबर सेल प्रभारी सागर पाठक सहित पुलिस टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पुलिस ने आरोपियों पर हत्या के प्रयास और लूट का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।