अकलतरा। नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर शादी का झांसा देकर अनाचार करने वाले एक युवक को अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पीड़िता को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर भयभीत करता था। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
आरोपी की पहचान और बरामद सामग्री
गिरफ्तार आरोपी का नाम धीरेन्द्र रात्रे (19 वर्ष), निवासी ग्राम भलपहरी, थाना हरदीबाजार, जिला कोरबा है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक मोबाइल फोन एवं वह मोटरसाइकिल बरामद की है, जिसका उपयोग पीड़िता को बहला-फुसलाकर भगाने में किया गया था।
घटना का पूरा मामला
प्राप्त सूचना के अनुसार आरोपी ने नाबालिग बालिका को शादी करने का झांसा देकर बहला-फुसलाया और उसे अपने साथ ले जाकर अनाचार किया। इस दौरान आरोपी ने बालिका को धमकी दी कि यदि उसने बात किसी को बताई तो वह उसका वीडियो वायरल कर देगा। भय के माहौल में डरी-सहमी पीड़िता ने आखिरकार हिम्मत जुटाई और घटना की जानकारी परिजनों को दी। शिकायत पर 09 दिसंबर 2025 को अकलतरा थाना पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की।
कड़ी निगरानी में पुलिस की त्वरित कार्रवाई
नाबालिग के साथ घटित इस गंभीर अपराध को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा श्री विजय पाण्डेय ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उनके मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कश्यप, अनु.अधि. पुलिस अकलतरा श्री प्रदीप सोरी और थाना टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
विधि सम्मत कार्रवाई और न्यायिक रिमांड
आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई है। उस पर धारा 137(2), 64(2)M, 65(1), 87 BNS, पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6, तथा आईटी एक्ट की धारा 67(क), 67(ख) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा (थाना प्रभारी अकलतरा), म.प्र.आर. स्वाती गिरोलकर तथा आरक्षक राजा रात्रे का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पुलिस टीम की तत्परता और संवेदनशीलता के कारण बालिका को न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
अकलतरा पुलिस ने पुनः स्पष्ट संदेश दिया है कि नाबालिगों के प्रति किसी भी प्रकार के अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
