राजनांदगांव – स्कूल शिक्षा ग्रामोद्योग एवं विधि-विधायी कार्य मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नवनिर्मित बॉक्सिंग रिंग सेट और आर्चरी रेंज का शुभारंभ किया। मंत्री श्री यादव ने बॉक्सिंग मुकाबले का अवलोकन कर खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार से युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा। नई खेल सुविधाओं से विद्यार्थियों को आधुनिक प्रशिक्षण, सुरक्षित वातावरण और प्रतिस्पर्धात्मक माहौल प्राप्त होगा।
मंत्री श्री यादव ने स्कूली बच्चों से अध्ययन से संबंधित जानकारी भी ली और मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह दी। कार्यक्रम में तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष श्री जितेन्द्र साहू, श्री भावेश बैद, संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग दुर्ग श्री आर.एल. ठाकुर, डीईओ श्री प्रवास सिंह बघेल सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।