मनेंद्रगढ – जिला कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ के आह्वान पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं, युवाओं और आम जनता ने विशाल रैली निकालकर डीएफओ कार्यालय मनेंद्रगढ़ का ऐतिहासिक घेराव किया। शहर में भालू का विचरण , फॉसिल पार्क, ट्री गार्ड खरीदी, CEA मद सहित कई योजनाओं में
अनियमितताओं के खिलाफ अपना आक्रोश प्रकट किया। घेराव के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक तथा हल्की झड़प भी हुई, कांग्रेस पार्टी ने स्पष्ट किया कि वन विभाग में हुई अनियमितताओं , बैगा जनजाति के घरों को तोड़ने वाले कर्मचारियों पर कार्यवाही , जंगलों में अवैध कटाई–तस्करी पर रोक और ऐसे भ्रष्ट एवं निरंकुश डीएफओ को पद से नहीं हटाया जाता, तो कांग्रेस इससे भी बड़े जनसैलाब के साथ कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेगी।
प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि बैगा जनजाति के घरों को तोड़ना वन विभाग का अमानवीय और गैरकानूनी कृत्य है। उन्होंने कहा कि आज हज़ारों की संख्या में जमा जनता का यह प्रतिरोध बताता है कि अब अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने भाजपा नेताओं और मंत्री पर ऐसे भ्रष्ट डीएफओ को संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाया।
पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने कहा कि जिले के जंगलों में बड़े पैमाने पर अवैध कटाई और तस्करी चल रही है, लेकिन वन विभाग मात्र दिखावटी कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि लकड़ी माफियाओं को भाजपा नेताओं और मंत्री का संरक्षण प्राप्त है, इसलिए यह समस्या और भयावह होती जा रही है। उन्हाेंने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की।