गरियाबंद- गरियाबंद जिले में लोहारी से गोड़लबाय तक 10.225 किलोमीटर लंबी सड़क के नवीनीकरण का कार्य प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत 134.41 लाख रुपये की लागत से जारी है, लेकिन कार्य की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराज़गी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण में मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है और घटिया सामग्री का उपयोग कर निर्माण कार्य को जल्दबाजी में पूरा किया जा रहा है। वहीं ग्रामीणों ने कहा कि विभागीय अधिकारी निर्माण कार्य का जायजा लेने भी नहीं पहुंचते हैं
ग्रामीणों ने बताया कि कई स्थानों पर सड़क की परत सही मोटाई में नहीं बिछाई गई है तथा सब-ग्रेड और सब-बेस की क्वालिटी भी संदिग्ध दिखाई दे रही है। वहीं कई हिस्सों में रोलिंग भी पर्याप्त नहीं की गई, जिससे भविष्य में सड़क जल्दी खराब होने की आशंका है।
मामले में विभागीय जानकारी के लिए संबंधित विभाग के इंजीनियर नीलम साहू से दो बार फ़ोन के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच कराते हुए जिम्मेदार ठेकेदार एवं अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं उनका कहना है कि यदि निर्माण की गुणवत्ता में सुधार नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।