राजनांदगांव – थाना बसंतपुर पुलिस ने अवैध शराब परिवहन पर बड़ी सफलता हासिल करते हुए 272.100 बल्क लीटर अंग्रेजी व देशी शराब जप्त की है। बरामद शराब की कुल अनुमानित कीमत 3,38,414 रुपये बताई गई है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान टोयोटा अल्टीस कार क्रमांक CG 04 JF 1800 (कीमत लगभग 4 लाख रुपये) तथा तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए। कुल जप्त सामग्री की कीमत 7,46,414 रुपये आंकी गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में शराब लेकर एक काली कार तुमड़ीबोड़ से राजनांदगांव की ओर आ रही है। सूचना के आधार पर आरके नगर चौक के पास नाकाबंदी की गई। संदिग्ध कार पुलिस को देखकर भागने लगी, लेकिन टीम ने पीछा कर ठाकुरटोला चौक के पास उसे पकड़ लिया। वाहन से मेकडावल नं-01, सिग्नेचर, ब्लेंडर्स प्राइड, ओल्ड मंक, रॉयल स्टैग, गोवा व्हिस्की व मध्यप्रदेश निर्मित देशी मदिरा सहित बड़ी मात्रा में शराब बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज आचार्य (दुर्ग) और रोशन साहू (बेमेतरा) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ विभिन्न जिलों में कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने मामले में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। वहीं फरार आरोपी पम्मे सरदार सहित अन्य की तलाश जारी है।