खैरागढ़— जिला मुख्यालय से 10 किमी दूर ग्राम सलौनी में मुख्यमंत्री समग्र योजना के तहत निर्माणाधीन 158 मीटर सीसी रोड के दौरान नाली की दिशा को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। ग्रामीणों का कहना था कि पहले नाली का पानी बाजार चौक स्थित हनुमान मंदिर व सार्वजनिक मंच के पास इकट्ठा होता था, जिससे धार्मिक कार्यक्रमों में बाधा पहुँचती थी और बरसात में फिसलकर कई लोग घायल भी हुए थे। सरपंच, उपसरपंच व ग्रामीण नाली को सीधे मार्ग से बड़े नाले में मिलाने के पक्ष में थे।
वहीं ग्रामीण हरि डड़सेना ने आपत्ति जताई कि ऐसा करने पर पानी का प्रवाह उल्टा होकर जलभराव होगा और उनके घर के सामने गंदा पानी जमा होगा।
विवाद बढ़ने पर ग्रामीण जालबांधा थाना पहुँचे और शिकायत दर्ज हुई थाना प्रभारी द्वारा हरि डड़सेना को समझाइश देने के बाद ग्रामीण गांव आ गए लेकिन इसके बाद भी हरि डड़सेना जिद पर अड़े रहे जिसके बाद ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के एसडीओ मनीष साहू पहुंचे और वाटर फ्लो टेस्ट कराया गया, जिसमें पानी का प्रवाह प्रस्तावित दिशा में सफल पाया गया। इसके बावजूद विरोध जारी रहने पर जनपद सीईओ हिमांशु गुप्ता के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और कार्य पुनः शुरू किया गया।