
दोहा में चल रही शांति वार्ता के दौरान पाकिस्तान और अफगानिस्तान ने तत्काल युद्धविराम (Ceasefire) पर सहमति जताई है। कतर की मध्यस्थता में हुई इन अहम बैठकों को क्षेत्र में स्थायी शांति की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।कतर सरकार ने रविवार को बयान जारी कर बताया कि दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने हिंसा रोकने और सीमा पर जारी झड़पों को समाप्त करने का निर्णय लिया है। कतर ने कहा कि यह समझौता “तत्काल प्रभाव से लागू” होगा, और आगे भी नियमित फॉलो-अप मीटिंग्स आयोजित की जाएंगी ताकि इस युद्धविराम को टिकाऊ बनाया जा सके।पिछले कुछ महीनों में पाकिस्तान और अफगानिस्तान की सीमा पर हुए संघर्षों में दर्जनों लोगों की मौत हुई थी, जिसे 2021 में तालिबान की सत्ता में वापसी के बाद का सबसे भीषण संघर्ष बताया जा रहा है। सीमा पर लगातार झड़पों के चलते दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया था, और नागरिक क्षेत्रों में भी असुरक्षा का माहौल था।पाकिस्तान ने वार्ता के दौरान अफगानिस्तान से सीमा पार से हो रहे आतंकी हमलों को रोकने की मांग की, वहीं अफगानिस्तान ने भी पाकिस्तान पर हवाई हमलों और सीमा उल्लंघन का आरोप लगाया। दोनों पक्षों ने यह स्वीकार किया कि विवादों को संवाद और कूटनीतिक माध्यम से सुलझाना ही क्षेत्र के हित में है।