राजीव युवा उत्थान योजना के चयनित अभ्यर्थियों को 3 माह से शिष्यवृत्ति नहीं — ट्राइबल विभाग की लापरवाही से छात्रों की पढ़ाई पर संकट
बिलासपुर। राजीव युवा उत्थान योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों ने शिष्यवृत्ति न मिलने की समस्या को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है। दिल्ली I.A.S. अकादमी, बिलासपुर में चयनित इन सभी छात्र-छात्राओं की कक्षाएँ नियमित रूप से संचालित हो रही हैं, लेकिन ट्राइबल विभाग की लापरवाही के कारण उन्हें पिछले तीन माह—अगस्त, सितंबर और अक्टूबर की शिष्यवृत्ति अब तक प्राप्त नहीं हुई है।
छात्रों ने बताया कि वे सभी आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से आते हैं, और शिष्यवृत्ति ही उनके रहने, भोजन, किराया और अध्ययन सामग्री का प्रमुख साधन है। लगातार तीन माह से राशि लंबित रहने से कई अभ्यर्थियों को मकान किराया और अन्य आवश्यक खर्चों का भुगतान तक करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
अभ्यर्थियों ने कहा कि ट्राइबल विभाग द्वारा समय पर राशि न जारी करना गंभीर लापरवाही है, जिससे उनकी तैयारी पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने विभाग से मांग की है कि लंबित शिष्यवृत्ति को तत्काल जारी किया जाए, ताकि उनकी पढ़ाई बाधित न हो।
अभ्यर्थियों ने प्रशासन से इस मामले में त्वरित हस्तक्षेप की अपेक्षा जताई है।