रायपुर. नवा रायपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) परिसर में आयोजित तीन दिवसीय 60वीं डीजीपी-आईजी कॉन्फ्रेंस का समापन हुआ। अंतिम सत्र में राज्यों के बीच अपराध नियंत्रण के लिए आपसी समन्वय और तालमेल को मजबूती देने पर जोर दिया गया। साथ ही साइबर क्राइम से निपटने के लिए नवाचार और तकनीकी उपाय भी साझा किए गए।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच भरोसे की खाई को कम करना बेहद जरूरी है, विशेष रूप से युवाओं के बीच। उन्होंने कहा कि पुलिस की सकारात्मक और भरोसेमंद छवि विकसित करना समय की मांग है।
प्रोफेशनल व संवेदनशील हो पुलिसिंग
पीएम मोदी ने कहा कि पुलिस की छवि तभी सुधरेगी जब व्यवस्था अधिक प्रोफेशनल, संवेदनशील और जवाबदेह बनेगी। उन्होंने सुझाव दिया कि शहरी पुलिसिंग को मजबूत किया जाए, साथ ही पर्यटक पुलिस की भूमिका को भी पुनर्जीवित किया जाए।
नए कानूनों पर लाएं व्यापक जागरूकता
प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि भारतीय न्याय संहिता, भारतीय साक्ष्य अधिनियम और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता जैसे नए अधिनियमों के संबंध में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि नागरिक इनके महत्व और बदलावों को समझ सकें।