

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में गुरुवार को ट्रांसजेंडर समुदाय के भीतर चल रहे गुटीय विवाद ने भयावह रूप ले लिया। करीब 24 ट्रांसजेंडर सदस्यों ने एक साथ फिनाइल पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। इस घटना से शहर में हड़कंप मच गया। सभी को तुरंत एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि फिलहाल सभी की हालत स्थिर है।पुलिस जांच में सामने आया है कि यह आत्महत्या का प्रयास गुरु सपना हाजी गुट और पायल गुरु गुट के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद का नतीजा है। दोनों पक्षों के बीच गद्दी (नेतृत्व) और संपत्ति के बंटवारे को लेकर टकराव चल रहा था। आरोप है कि एक गुट ने दूसरे पर धमकी देने, उत्पीड़न और वसूली के गंभीर आरोप लगाए थे।घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी ट्रांसजेंडर नेता सपना हाजी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने राजा हाशमी, अक्षय कुमायू और पंकज जैन नाम के तीन अन्य आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है, जो फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, सभी आरोपियों पर धमकी देना, उत्पीड़न, ब्लैकमेलिंग और वसूली जैसे गंभीर अपराधों की धाराएं लगाई गई हैं।