
छतरपुर (मध्य प्रदेश)। धार्मिक स्थल बागेश्वर धाम में गुरुवार से ‘कैंसर हीलर आशा कैंप’ की शुरुआत हुई। इस विशेष चिकित्सा शिविर में अब तक 25 से अधिक कैंसर मरीजों को निःशुल्क परामर्श दिया गया है। आयोजन का उद्देश्य कैंसर पीड़ितों को किफायती और सुलभ इलाज उपलब्ध कराना है।शिविर के पहले दिन मरीजों की जांच कैंसर विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने की। कैंप में मरीजों को 90% तक छूट के साथ दवाइयाँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। आयोजकों ने बताया कि यह कैंप आने वाले कुछ हफ्तों तक जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक रोगियों को लाभ मिल सके।बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि “धार्मिक स्थलों को समाजसेवा का केंद्र बनना चाहिए, ताकि श्रद्धा के साथ सेवा का भाव भी मजबूत हो।”जानकारी के अनुसार, यह शिविर ‘कैंसर हीलर सेंटर’ के सहयोग से लगाया गया है, जो देश के कई शहरों में वैकल्पिक उपचार और परामर्श सेवाएँ प्रदान करता है। धाम प्रशासन ने बताया कि आने वाले दिनों में और भी विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा।