

नई दिल्ली/रायपुर, 10 नवंबर 2025:देश की राजधानी दिल्ली में लाल किले के पास सोमवार सुबह हुए भीषण धमाके ने पूरे देश को दहला दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह विस्फोट एक कार में हुआ, जिसमें 10 से अधिक लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई घायल बताए जा रहे हैं। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास खड़ी गाड़ियों और दुकानों के शीशे टूट गए। मौके पर दिल्ली पुलिस, फॉरेंसिक टीम और एनएसजी के कमांडो पहुंच गए हैं। इलाके को पूरी तरह सील कर दिया गया है और जांच जारी है।छत्तीसगढ़ में हाई अलर्ट घोषितदिल्ली की इस घटना के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। छत्तीसगढ़ में भी हाई अलर्ट जारी किया गया है। रायपुर सहित सभी प्रमुख शहरों में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मॉल, धार्मिक स्थल और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस ने सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है।रायपुर पुलिस ने शहर के मुख्य प्रवेश और निकास बिंदुओं पर चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। हर संदिग्ध वाहन और व्यक्ति की तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी रखी जा रही है।संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानीरायपुर एसएसपी लखन पटले ने बताया कि दिल्ली में हुए धमाके के बाद रायपुर में भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। उन्होंने कहा, “सभी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, हाईकोर्ट, बस स्टैंड, होटल-रेस्टोरेंट और पर्यटन स्थलों जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में गश्त बढ़ाई गई है। संदिग्धों की पहचान कर उन पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।”पुलिस अधिकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी निगरानी रख रहे हैं ताकि किसी भी अफवाह या भ्रामक जानकारी को फैलने से रोका जा सके।राजनीतिक प्रतिक्रियादिल्ली में हुए इस धमाके पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा, “दिल्ली में बम धमाके की खबर बेहद दुखद और चिंताजनक है। सरकार को इस कठिन समय में जवाब देना होगा कि आखिर सुरक्षा व्यवस्था में इतनी बड़ी चूक कैसे हुई। जिम्मेदारी तय होना जरूरी है ताकि भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा न हों।”जांच एजेंसियां सक्रियइस बीच, दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने संयुक्त रूप से जांच शुरू कर दी है। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध वाहनों की पहचान की जा रही है। सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, धमाके की प्रकृति देखकर यह आतंकी साजिश भी हो सकती है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।देशभर के प्रमुख राज्यों में सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया है। एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन और सार्वजनिक स्थलों पर बम स्क्वॉड की टीमें तैनात हैं।