
बलौदाबाजार, 4 नवम्बर 2025।बलौदाबाजार वनमंडल के अंतर्गत हरदी ग्राम में एक मादा हाथी, उसका बच्चा और एक नर जुवेनाइल हाथी कुंए में गिर गए थे। ग्रामीण टिकनेश्वर ध्रुव के खेत में हुई इस घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुँची और त्वरित एवं समन्वित रेस्क्यू अभियान शुरू किया।वन विभाग ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कुंए के पास रैंप तैयार किया, जिसके माध्यम से तीनों हाथियों को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला गया। सफल रेस्क्यू के बाद हाथियों को सुरक्षित रूप से निकटवर्ती वन क्षेत्र में छोड़ा गया, जहाँ वे अपने झुंड से पुनः जा मिले। अधिकारियों ने बताया कि सभी हाथी पूरी तरह स्वस्थ हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है।मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) सुश्री स्तोविषा समझदार स्वयं घटनास्थल पर पहुँचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन की पूरी प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने वन विभाग की टीम की तत्परता, समर्पण और उत्कृष्ट समन्वय की सराहना की।यह अभियान वनमंडलाधिकारी बलौदाबाजार श्री धम्मशील गणवीर के मार्गदर्शन में तथा अधीक्षक, बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य श्री कृषानू चन्द्राकर के नेतृत्व में सफलतापूर्वक पूरा किया गया। विभागीय दल ने रातभर सतर्कता के साथ कार्य करते हुए इस जटिल रेस्क्यू को अंजाम दिया।
वनमंडलाधिकारी श्री गणवीर ने कहा —> “वन विभाग का दायित्व केवल वन्यजीवों की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक जीवन को सुरक्षित बचाना हमारी प्राथमिकता है। हरदी ग्राम का यह रेस्क्यू ऑपरेशन हमारी फील्ड टीम की दक्षता और सामूहिक समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है।”वन विभाग, बलौदाबाजार द्वारा ऐसी आपात स्थितियों से निपटने हेतु त्वरित रेस्क्यू रेस्पॉन्स प्रणाली, फील्ड टीमों के प्रशिक्षण और स्थानीय समुदायों के सहयोग को लगातार सशक्त किया जा रहा है।इस अभियान की सफलता में वन परिक्षेत्र अधिकारी गोपाल वर्मा, बल्दाकछार परिक्षेत्र अधिकारी गीतेश कुमार बंजारे, कोठारी परिक्षेत्र अधिकारी जीवनलाल साहू, प्रशिक्षु वन परिक्षेत्र अधिकारी राहुल उपाध्याय, अतुल तिवारी, सुश्री दीक्षा पाण्डेय, तथा परिक्षेत्र कोठारी और बार के समस्त वनकर्मियों, फील्ड स्टाफ और स्थानीय ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।