
दिल्ली में अफगानिस्तान के विदेश मंत्री अमीर खान मुत्तकी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में महिला पत्रकारों की एंट्री पर रोक लगाने से विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री मोदी से सवाल किया भारत में महिलाओं का ऐसा अपमान कैसे होने दिया गया? उन्होंने कहा कि महिलाएं देश की रीढ़ और गौरव हैं।वहीं, विवाद बढ़ने पर विदेश मंत्रालय ने सफाई दी कि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत सरकार की कोई भूमिका नहीं थी। यह कार्यक्रम अफगान एंबेसी में हुआ था, और आमंत्रण मुंबई स्थित अफगान काउंसिल जनरल की ओर से भेजा गया था। अफगान विदेश मंत्री अमीर खान मुत्तकी 9 से 16 अक्टूबर तक भारत दौरे पर हैं।