जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में धान खरीदी के टोकन नहीं मिलने से परेशान एक किसान ने शनिवार को हाईटेंशन टावर पर चढ़कर हंगामा किया।
ग्राम कसौंदी निवासी किसान अनिल गढ़वाल (35) शराब के नशे में करीब 120 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया और करीब 3 घंटे तक वहीं बैठा रहा।
घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। किसान का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह कहता नजर आ रहा है कि जब तक उसका बचा हुआ धान नहीं बिकेगा, वह नीचे नहीं उतरेगा।
जानकारी के मुताबिक किसान के पास करीब 2.77 एकड़ जमीन है। उसने इस खरीफ सीजन में एक बार मंडी में 29 क्विंटल धान बेच दिया था, लेकिन उतनी ही मात्रा में करीब 150 बोरा धान अब भी बचा हुआ था।
बार-बार प्रयास के बावजूद टोकन नहीं मिलने से वह मानसिक रूप से तनाव में था। किसान ने बताया कि धान खरीदी का आखिरी दिन है और उसके ऊपर करीब डेढ़ लाख रुपये का कर्ज भी है।

शनिवार सुबह करीब 9 बजे वह नशे की हालत में घर से निकला और गांव के पास लगे टावर पर चढ़ गया। किसान के टावर पर चढ़ते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची। तहसीलदार सहित अधिकारी लगातार उसे समझाने की कोशिश करते रहे। सुरक्षा के लिए होमगार्ड बुलाए गए और टावर के नीचे सेफ्टी जाली भी बिछाई गई।
किसान की पत्नी ने भी फोन कर उसे नीचे उतरने की मिन्नतें कीं, लेकिन वह जिद पर अड़ा रहा। आखिरकार अधिकारियों के आश्वासन के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया।
नीचे उतरते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और बाद में जेल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक किसान ने पूछताछ में दबाव बनाने की बात स्वीकार की है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।