उत्तर प्रदेश के राज्यकर विभाग में तैनात संभागीय उप आयुक्त (जीएसटी डिप्टी कमिश्नर) प्रशांत कुमार सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र सौंपते हुए स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति की गई अपमानजनक टिप्पणी उन्हें स्वीकार नहीं है।
प्रशांत कुमार सिंह ने अपने दो पन्नों के इस्तीफे में लिखा है कि मुख्यमंत्री लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए प्रदेश के मुखिया हैं और उनका अपमान किसी भी स्थिति में सहन नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि वह जिस प्रदेश का अन्न ग्रहण करते हैं और जहां से उन्हें वेतन मिलता है, वह सदैव उसी प्रदेश और उसके नेतृत्व के साथ मजबूती से खड़े हैं।
इस्तीफे में इस बात का जिक्र किया गया कि, शंकराचार्य द्वारा की गई टिप्पणी से वे पिछले तीन दिनों से मानसिक रूप से काफी आहत थे। इसी मानसिक पीड़ा के चलते उन्होंने यह निर्णय लिया है। उन्होंने साफ किया कि यह फैसला किसी बाहरी दबाव में नहीं बल्कि पूर्णतः आत्मसम्मान और अपने व्यक्तिगत विचारों के आधार पर लिया गया है।
प्रशांत कुमार सिंह की नियुक्ति अयोध्या में साल 2023 में हुई थी। उन्होंने भविष्य की योजनाओं के बारे में कहा कि इस्तीफा स्वीकार होने के बाद वे अपने निजी संसाधनों के माध्यम से सामाजिक कार्यों में योगदान देंगे। गौरतलब है कि इससे पूर्व सोमवार को बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने भी इस्तीफा दिया था, जिसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया था। इस ताजा घटनाक्रम के बाद प्रदेश के प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।