प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष पद पर किसकी नियुक्ति होने वाली है, इसे लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा जोरों पर चल रही है। महिला कांग्रेस अध्यक्ष फूलो देवी नेताम ने लगभग ढाई साल पहले अपने पद से त्यागपत्र दे दिया था। तबसे, महिला कांग्रेस अध्यक्ष का पद खाली है। महिला कांग्रेस की अध्यक्ष बनने के लिए अनेक नेत्रियों के लिए बीच प्रतिस्पर्धा चल रही है।
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस हाईकमान ने प्रदेश की पांच महिलाओं में से किसी एक को अध्यक्ष की जिम्मेदारी देने पर चर्चा की है। जल्द ही महिला कांग्रेस की नई अध्यक्ष की घोषणा की जा सकती है।
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि पांच महिलाओं में स्व.महेंद्र कर्मा की बेटी तूलिका कर्मा, पंडरिया की पूर्व विधायक ममता चंद्राकर, बालोद की विधायक संगीता सिन्हा, पूर्व विधायक छन्नी साहू और फूलोदेवी नेताम का नाम प्रमुख रूप से लिया जा रहा है। इनमें से किसी को भी अध्यक्ष बनाया जा सकता है। इनमें से पूर्व विधायक ममता चंद्राकर को कुछ समय पूर्व ही महासचिव पद की जिम्मेदारी दी गई है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि अध्यक्ष किसे बनाया जाता है, यह जल्द ही पता चला जाएगा। जो भी अध्यक्ष बनें, उनके समक्ष छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी को पुनः सशक्त बनाने की चुनौती खड़ी है।