नये मतदाता एवं बीएलओ हुए सम्मानित,निर्भीक व निष्पक्ष मतदान के लिये ली गई शपथ
बलौदाबाजार / 16 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर 25 जनवरी 2026 को दाऊ कल्याण शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बलौदाबाजार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इस अवसर पर नये मतदाताओं का बैज लगाकर स्वागत किया गया व एपिक कार्ड दिया गया। इसके साथ ही एसआईआर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अब्दुल जाहिद कुरैशी,प्रथम अतिरिक्त प्रधान जिला न्यायाधीश राकेश कुमार वर्मा, कलेक्टर दीपक सोनी ने माँ सरस्वती में छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।प्रधान जिला न्यायाधीश सभी प्रकार के निर्वाचनों में निर्भीक एवं निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अब्दुल जाहिद कुरैशी ने कहा कि वास्तव में मतदाता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम एक जागरूकता कार्यक्रम है जिसमें छात्रों ने रंगोली, पोस्टर, चित्रकला के माध्यम से अपनी अभिव्यक्ति उकेरी है। इसमें वर्तमान में जारी एसआईआर कार्यक्रम भी समाहित है। उन्होने कहा कि 18 वर्ष की आयु से मतदान का अधिकार मिल जाता है और राष्ट्रीय, राज्य और स्थानीय सरकार बनाने में हमारी भूमिका होती है।बिना डरे, निर्भीक होकर मतदान करें, यह सोचे कि मतदान कर अपने देश का निर्माण कर रहे है।
कलेक्टर दीपक सोनी ने कहा कि आज के दिन को गणतंत्र के उत्सव के रूप में मना रहे है। हमारे देश में 18 वर्ष के आयु से वयस्क मताधिकार है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची को शुद्ध करने समय -समय पर मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्यक्रम किया जाता है। इसीक्रम में वर्तमान में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य चल रहा है। ऐसे युवा जो 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर लेंगे वे भी फॉर्म 6 भरकर एपिक कार्ड बनवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिले के मतदाताओं ने एसआईआर कार्य में महत्वपूर्ण सहयोग दिया है जिसके लिये जिला प्रशासन आभार व्यक्त करता है।मतदाताओं की सुविधा के लिये भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आवश्यक निर्देश दिये जाते है जिसके तहत सुविधाओं में निरंतर वृद्धि हो रही है।
इस अवसर पर रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। रंगोली प्रतियोगिता में देव वर्मा प्रथम, आरती उरांव द्वितीय एवं रोशनी बंजारे तृतीय स्थान रहे। चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम रुपाली पटेल, द्वितीय लवी मरावी एवं तृतीय कुम्बज कुमार रहे।
कार्यक्रम में उप अपर कलेक्टर दीप्ति गौते, उप जिला निर्वाचन अधिकारी निशा नेताम मड़ावी, संयुक्त कलेक्टर सीमा ठाकुर सहित महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र -छात्राएं उपस्थित थे।
